चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवे टेस्ट में कर्नाटक के करुण नायर ने तिहरा शतक जमा दिया है। करुण नायर का यह महज तीसरा टेस्ट है। साथ ही अंतराष्ट्रीय टेस्ट में यह उनकी पहली शतकीय पारी भी है।
इसके साथ ही नायर तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। नायर से पहले वीरेंद्र सहवाग दो बार तिहरा शतक लगा चुके हैं।
नायर ने अपना तिहरा शतक 381 गेंदों में चौका मारकर पूरा किया। इससे पहले उन्होंने अपना दोहरा शतक 308 गेंदों पर लगाए। करुण नायर भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज भी बन गए हैं, जिन्होंने अपनी पहली सेंचुरी को ही तिहरे शतक में बदल दिया। नायर से पहले विनोद कांबली और दिलीप सरदेसाई अपनी पहली सेंचुरी को दोहरे शतक में बदलने में कामयाब रहे थे।
नायर नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और वीवीएस लक्ष्मण पांच से उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जमाने में कामयाब रहे थे।
धोनी ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 224 रनों की पारी खेली थी। जबकि लक्ष्मण ने साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली में 200 रन बनाए थे।
जानिए, अपने तीसरे टेस्ट में धमाल मचाने वाले करुण नायर के बारे में:
1. करुण नायर की उम्र 25 साल है और वह कर्नाटक से रणजी खेलते हैं। राजस्थान के जोधपुर में जन्में नायर ने 15 साल की उम्र में कर्नाटक के अंडर-19 टीम में जगह बनाई और इसके बाद कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा।
2. करुण ने 2013-14 में रणजी डेब्यू किया था और उस सीजन में उन्होंने छह मैच खेलते हुए 500 रन बनाए थे। इसमें तीन शतक भी शामिल हैं। उस सीजन में उनका सर्वोच्च स्कोर 151 रन था। उस सीजन में उन्होंने लगातार तीन शतक जमाए थे।
3. करुण नायर एक समय टीम इंडिया के 'दि वॉल' कहे जाने वाले राहुल द्रविड के मुरीद हैं। द्रविड की तरह वह भी लंबी-लंबी पारियां खेलने की क्षमता रखते हैं।
4. कर्नाटक की ओर से 2014-15 में रणजी ट्रॉफी का फाइनल खेलते हुए 560 गेंदों में 328 रन बनाए थे। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले गुल मोहम्मद ने 1946-47 में बड़ोदा की ओर से खेलते हुए 319 रन बनाए थे।
5. नायर आईपीएल के जरिए दुनिया की नजरों में आए थे। उन्होंने पहला आईपीएल सीजन 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेला था। उस सीजन में उन्हें केवल दो मैच खेलने को मिले थे।
No comments:
Post a Comment